
न्यू जर्सी में यूनाइटेड एयरलाइंस के विमान को हाईजैक करने की कोशिश
अमेरिका में सोमवार रात एक बड़ा विमान हादसा और अपहरण की कोशिश टल गई। न्यू जर्सी के नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से न्यू ऑरलियन्स जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मानसिक रूप से अस्थिर यात्री ने अपने बैग में बम होने का दावा किया और जबरन कॉकपिट में घुसने की कोशिश की।
घटना को देखते हुए पायलटों ने हाइजैकिंग का अलर्ट जारी कर दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यू ऑरलियन्स जाने वाला यह विमान रात करीब 9:30 बजे नेवार्क इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुआ था, जिसके कुछ देर बाद पायलटों ने रेडियो के जरिए कॉकपिट में घुसने की कोशिश की सूचना दी।
विमान में कुल 46 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य सवार थे। उड़ान के दौरान काले कपड़े पहने 34 वर्षीय आरोपी यात्री (जिसकी पहचान रोनी गोमेज़ अल्बर्टो के रूप में हुई है) ने अजीब व्यवहार करना शुरू किया और कॉकपिट का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने तुरंत कॉकपिट को अंदर से लॉक कर लिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को थ्रेट अलर्ट भेजा। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ, जिसके बाद आरोपी पर झूठी आतंकी धमकी देने और दहशत फैलाने का मामला दर्ज किया गया है।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com



