भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुए अखिलेश यादव, कहा-आज लोकतंत्र और संविधान को बचाने की चुनौती है

आगरा। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आगरा पहुंच चुकी है। इस यात्रा में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हुए हैं। अखिलेश यादव के यात्रा में शामिल होने पर राहुल और प्रियंका गांधी ने उनका स्वागत किया। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में अखिलेश यादव जी का स्वागत है। आज बहुत ख़ुशी का दिन है। हम सब मिलकर देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।

वहीं, इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि, भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में चल रहे राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी और सभी कार्यकर्ताओं-जनता को आभार व धन्यवाद प्रकट करना चाहता हूं। मुझे खुशी है राहुल गांधी जी, जो मोहब्बत की दुकान लेकर चले हैं, वो अब आगरा में है। आगरा मोहब्बत का शहर है, इसलिए आप यहां से मोहब्बत समेटिए और पूरी यात्रा में बांटते चलिए।

उन्होंने कहा, आज लोकतंत्र और संविधान को बचाने की चुनौती है। इसलिए BJP हटाओ, देश को बचाओ और संकट मिटाओ। साथ ही कहा, यूपी सरकार की कोई ऐसी भर्ती नहीं जिसमें पेपर लीक न हो। ये सरकार जानबूझकर पेपर लीक करवाती है, क्योंकि इसकी नीयत में रोजगार देना नहीं है।

Related Articles

Back to top button