
लेह: लद्दाख की हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान
लद्दाख में हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन ने कारगिल एयरस्ट्रिप के विस्तार की प्रक्रिया तेज करने की पहल की है। लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने कारगिल के उपायुक्त को भारतीय वायुसेना की टीम के साथ संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण करने और भूमि से जुड़ी समस्याओं व आपत्तियों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव ने यह निर्देश हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे के विकास और कारगिल व थोइस हवाई अड्डों से नागरिक विमान सेवाएं शुरू करने की तैयारियों की समीक्षा के दौरान दिए। बैठक में एयर कमोडोर अजय राठे ने कारगिल हवाई अड्डे के प्रस्तावित विस्तार और संचालन से जुड़ी जरूरतों पर विस्तृत जानकारी दी।
कारगिल के उपायुक्त राकेश कुमार ने मुख्य सचिव को जमीन अधिग्रहण की मौजूदा स्थिति और इससे जुड़ी अड़चनों से अवगत कराया। इस पर कुंद्रा ने निर्देश दिया कि वायुसेना की टीम और स्थानीय नेताओं व प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर इन मुद्दों का जल्द समाधान किया जाए।
बैठक में नुब्रा स्थित थोइस हवाई अड्डे पर रक्षा भूमि में नए टर्मिनल भवन के निर्माण पर भी चर्चा हुई। स्टेशन कमांडर, थोइस ने कार्य की अनुमति, भूमि के हस्तांतरण, प्रस्तावित समझौता ज्ञापन (एमओयू) और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की स्थिति की जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने संबंधित प्रशासनिक सचिवों को लंबित औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना का काम समय पर शुरू हो सके। उन्होंने कारगिल और थोइस दोनों हवाई अड्डों से नागरिक विमान सेवाएं शुरू करने के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com



