भाजपा अध्यक्ष का हेमंत सोरेन पर निशाना, कहा-कांग्रेस से सीखकर जेएमएम भी भ्रष्टाचारी पार्टी बन गई

नई दिल्ली। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा झारखंड में ‘दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल परिवर्तन यात्रा’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा, आप सभी के आशीर्वाद से नरेन्द्र मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं। मैं लोकसभा चुनाव के दौरान झारखंड आया था और चुनावी सभाएं की थीं, उस समय भी हमें मालूम था कि इंडी अलायंस द्वारा किस तरह से झूठ फैलाया जा रहा है, लोगों को बरगलाया जा रहा है। मैं झारखंड की भोली भाली जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने इंडी अलायंस की एक नहीं सुनी और यहां से भाजपा को जीत हासिल करवाई।

उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस पार्टी जो महाभ्रष्ट पार्टी है, जो राष्ट्र विरोधी तत्वों व अलगाववादी तत्वों की पोषक है। कांग्रेस ने प्रदेश और देश को भाई भतीजावाद, तुष्टीकरण की राजनीति, भ्रष्टाचार, परिवारवाद से ग्रसित किया। हमारे हेमंत सोरेन साहब ने भी कांग्रेस से सीखने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जेएमएम भी भ्रष्टाचारी पार्टी बन गई, परिवारवाद को बढ़ावा दिया, भाई भतीजावाद को पनाह दी, युवाओं के साथ छल किया और अपने ​ही परिवार में जो पराए दिखे उन्हें दरकिनार किया। झारखंड को कांग्रेस, जेएमएम और आरजेडी से मुक्ति दिलाने का काम करना होगा।

साथ ही कहा, जब जेएमएम आदिवासी अस्मिता की बात करती है, तो उसकी अस्मिता सिर्फ अपने परिवार तक ही सीमित रह जाती है। क्या चंपई सोरेन आदिवासी नहीं थे, क्या सीता सोरेन आदिवासी नहीं हैं, उन्हें अपमानित क्यों किया गया? आपको याद रखना होगा कि अगर आदिवासियों के हित की रक्षा किसी ने की है या करेगी तो वह अकेली भाजपा पार्टी है। इसके साथ ही कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जो भगवान बिरसा मुंडा के गांव गए। उनके गांव की माटी को नमन किया। एक आदिवासी बेटी को देश का राष्ट्रपति बनाया गया। सही मायने में आदिवासियों को मुख्य धारा में शामिल करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने ही किया है।

Related Articles

Back to top button