भारत ने दुनिया को बता दिया ये नया भारत है घर में घुस कर मारता है…जम्मू में बोले पीएम मोदी

जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार जम्मू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ये चुनाव जम्मू-कश्मीर का भविष्य चुनने के लिए है। जम्मू-कश्मीर के लोग कांग्रेस, NC और PDP के तीन खानदानों से त्रस्त हैं। लोग फिर वही निजाम नहीं चाहते, जिसमें भ्रष्टाचार हो, नौकरियों में भेदभाव हो। जम्मू-कश्मीर के लोग आतंक, अलगाव और खून-खराबा अब नहीं चाहते हैं। यहां के लोग अमन-शांति चाहते हैं।

बीते दशकों में यहां सिर्फ कांग्रेस, NC और PDP के नेता और उनके परिवार ही फले-फुले। आपके हिस्से तो सिर्फ और सिर्फ तबाही आई। ये जो हमारी पीढियां बर्बाद हुई हैं, इसकी सबसे बड़ी जिम्मेदार कांग्रेस पार्टी है। आजादी के बाद से ही कांग्रेस की गलत नीतियों ने आपको सिर्फ और सिर्फ तबाही दी है।

जम्मू का बहुत बड़ा हिस्सा बॉर्डर से सटा है। आप वो दौर याद कीजिये, जब सीमापार से आए दिन गोले बरसते थे, आए दिन मीडिया में ब्रेकिंग न्यूज चलती थी कि ‘एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन’। उधर से गोलियां चलती थी और कांग्रेस वाले सफेद झंडा दिखाते थे। लेकिन जब भाजपा की सरकार ने गोली का जवाब गोले से दिया, तो उधर वालों के होश ठिकाने आ गए।
आज 28 सितंबर है, साल 2016 में आज की रात सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी… भारत ने दुनिया को बता दिया था कि ये नया भारत है… ये घर में घुस कर मारता है। आतंक के आकाओं को पता है कि अगर कुछ भी हिमाकत की… तो मोदी पाताल में भी उन्हें खोज निकालेगा।

उन्होंने कहा, कांग्रेस वो पार्टी है, जिसने हमारी फौज से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे।कांग्रेस वो पार्टी है, जो आज भी सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर पाकिस्तान की भाषा बोलती है। क्या आप ऐसी कांग्रेस कपो माफ़ कर सकते हैं? देश के लिए मर-मिटने वालों का कांग्रेस कभी सम्मान नहीं कर सकती।

Related Articles

Back to top button