
सिरमौर। हिमाचल के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में एक दर्दनाक बस हादसा हुआ। इस बस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई लोग घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये बस कुपवी से शिमला जा रही थी। जो हरिपुरधार के पास 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जानकारी के अनुसार बस में 30 से 35 लोग सवार थे।
एसपी सिरमौर ने कहा कि सिरमौर जिले में हरिपुरधार के पास कुपवी से शिमला जा रही एक प्राइवेट बस के सड़क से नीचे गिरने से हुए हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बस में 30-35 लोग सवार थे। और जानकारी का इंतजार है। मैं मौके पर जा रहा हूं। पुलिस और दूसरी बचाव टीमें घायलों को निकालने की कोशिश कर रही हैं।
उधर, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान दुर्घटना पर सरकार की ओर से शोक जताया है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज नाहन में गंभीर रूप से लाए जा रहे मरीजों के उपचार के लेकर उचित व्यवस्था के निर्देश दिए। कुछ लोग राजगढ़, व ददाहू में रेफर किए गए हैं। मेडिकल कालेज में तैयारियां उपचार के लिए पूरी कर दी हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को सिरमौर जिले के हरिपुरधार के पास एक निजी बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। दुर्भाग्यपूर्ण बस शिमला से राजगढ़ होते हुए कुपवी जा रही थी, तभी वह सड़क से उतरकर एक गहरी खाई में गिर गई। मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



