
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को नया अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में आज कमान संभाल ली। उनकी ताजपोशी के मौके पर पीएम मोदी, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा समेत तमाम बड़े नेता वहां मौजूद थे। नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में सभी को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रक्रिया से चलती है। उन्होंने कहा कि आज से नितिन नवीन ही हमारे अध्यक्ष हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे यहां मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप चलती है। उन्होंने कहा कि हम पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे राज्यों में भी बड़ी आवाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए हमेशा सेवा ही सर्वोपरि है, सत्ता तो उसके लिए एक माध्यम ही है। इसीलिए हमारा स्ट्राइक रेट बहुत अधिक है।
पीएम मोदी ने कहा, बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानी पार्टी की छोटी-सी इकाई से लेकर अध्यक्ष चुनने की व्यापक प्रक्रिया शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की स्पिरिट को और उसमें बताई गई हर बात को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी, आज उसका विधिपूर्वक समापन हुआ है। संगठन पर्व का यह विशाल आयोजन, भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है। मैं देशभर के कार्यकर्ताओं का इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।
बीते एक डेढ़ वर्षों में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल जी की 100वीं जन्म जयंती, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष, ऐसे महापर्व हम मनाते रहे हैं। ये वे प्रेरणाएं हैं, जो देश के लिए जीने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती हैं। हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा—राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है।
उन्होंने आगे कहा, अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा है। इस सफर में वेंकैया नायडू जी और नितिन गडकरी जी सहित हमारे कई वरिष्ठ साथियों ने संगठन को विस्तार दिया। राजनाथ जी के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। फिर अमित भाई के नेतृत्व में देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकारें बनीं और लगातार दूसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी।
फिर जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक और सशक्त हुई और लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। मैं भाजपा के पूर्व के सभी अध्यक्षों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा, जब बात पार्टी के विषयों पर आती है, तब माननीय नितिन नबीन जी… मैं एक कार्यकर्ता हूं और वे (नितिन नबीन जी) मेरे बॉस हैं। अब माननीय नितिन नबीन जी हम सभी के अध्यक्ष हैं और उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना ही नहीं है, एनडीए के सभी साथियों के बीच तालमेल का दायित्व भी देखना है।



