
लखनऊ। सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर इन दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर ताबड़तोड़ हमले बोल रहे हैं। हर दिन सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को घेर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने एक बार फिर सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, पता चला है कि चुनाव जीतने के लिए अखिलेश यादव ने एक विदेशी कंपनी को खुफिया काम पर लगाया हुआ है। इसका काम जातियों में लड़ाई लगवाने का है ताकि आपकी 2027 की नैया पार लग सके।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, अखिलेश जी, वैसे तो विदेश से आपका मोह बहुत ज़्यादा है लेकिन इधर देख रहा हूं कि आप विदेश के चक्कर ज़्यादा लगाने लगे हैं। पता लगाया तो माज़रा कुछ और निकला। पता चला है कि चुनाव जीतने के लिए आपने एक विदेशी कंपनी को खुफिया काम पर लगाया हुआ है। इसका काम जातियों में लड़ाई लगवाने का है ताकि आपकी 2027 की नैया पार लग सके, जो वैसे लगने वाली नहीं है। इसी की मॉनिटरिंग के लिए आप ख़ुद ही घूम रहे हैं।
अरे महाराज, आपके पीडीए का नारा ‘पीट देगा अहिर’ खुद ही पिट गया है, और आप करोड़ों अरबों ख़र्च कर नये-नये तरीके आजमा रहे हैं। जनता सब देख रही है। उसे ये भी दिख रहा है कि आपके नेता-सांसद जंतर-मंतर की परिक्रमा कर रहे हैं, लेकिन आप नहीं जा रहे हैं। आप तो ठहरे एसी-पीसी और ट्विटर वाले नेताजी। जंतर-मंतर तो जाएंगे नहीं, हां, उसके नाम पर फंडिंग इकट्ठी करेंगे और पुराना रखा माल इकट्ठा कर चुनाव में खपाने के लिए विदेशी कंपनी पर लुटा आयेंगे।
विदेशियों के चक्कर में मत पड़िए मित्र। चुनावी प्रतिष्ठा तो जा चुकी है पैसा भी बर्बाद हो जाएगा। फंडिंग से चुनाव जीता जाता तो राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल घर में बेरोजगार नहीं बैठे होते। हम तो आपके मित्र हैं, समझाना हमारा काम है, समझें तो ठीक वरना आप समझदार हैं।



