
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘सबका साथ-सबका विकास’ मंत्र आज समाज के प्रत्येक तबके के उत्थान का कारण बना है। उत्थान की इस यात्रा का आधार है- ‘घुमंतू विकास बोर्ड’। घुमंतू विकास बोर्ड के गठन के लिए लखनऊ में आज विमुक्त एवं घुमंतू समाज द्वारा आभार ज्ञापन हेतु आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। विमुक्त एवं घुमंतू समाज के पुनर्वास हेतु यूपी सरकार पूर्णत: प्रतिबद्ध है।
प्रदेश कैबिनेट द्वारा घुमंतू विकास बोर्ड गठन के निर्णय के उपरांत गुरुवार को समाज को ओर से आयोजित आभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ का जो मंत्र देश को दिया था, उसी संकल्प का विस्तार आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। बिना जाति, क्षेत्र, भाषा अथवा किसी प्रकार के भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की इसी सोच की नई कड़ी घुमंतू विकास बोर्ड है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने वनटांगिया, मुसहर, थारू, गौड़, चेरो, बुक्सा, कोल, सहरिया सहित अनेक वंचित समुदायों को पहली बार शासन की योजनाओं से व्यापक रूप से जोड़ा है। राशन कार्ड, भूमि के पट्टे, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान भारत कार्ड, निःशुल्क विद्युत एवं गैस कनेक्शन तथा वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ इन समुदायों तक पहुंचाया गया है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सभी योजनाओं से शत प्रतिशत आच्छादित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बार-बार कहते हैं कि जिन्हें कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने कभी नहीं पूछा, उन्हें पूजते हुए सम्मान देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य डबल इंजन सरकार ने किया है। सरकार के लिए जनता केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि जनार्दन है और इसी भावना के साथ प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, वनटांगिया गांवों को पहली बार राजस्व गांव के रूप में मान्यता दी गई। आज वहां के लोग समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। मुसहर समाज का पहले कोई संरक्षक नहीं था। उन्हें भी शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने का कार्य किया गया। थारू, गोंड, चेरो, बुक्सा, कोल और सहरिया- इन सभी जनजातियों एवं समुदायों को डबल इंजन सरकार ने शासन की योजनाओं से आच्छादित किया।



