इंटरनेशनल ट्रेड शो में यूपी की दीदियों के उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मंच

लखनऊ। योगी सरकार लोकल से ग्लोबल तक उत्तर प्रदेश का हुनर पहुंचाएगी। इसी के मद्देनजर ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की दमदार उपस्थिति होने जा रही है। ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सभी 75 जनपदों में गठित समूह इस ट्रेड शो में हिस्सा लेंगे, जिनके उत्पादों का प्रदर्शन एवं उसका विपणन भी इस शो में किया जाएगा।
योगी सरकार की मंशा है कि ट्रेड शो में शामिल समूह की दीदियों को उनके उत्पादों के विपणन हेतु एक बेहतर अवसर प्राप्त हो। इससे दीदियों के उत्पादों को व्यापार के लिए ग्लोबल पहचान मिलेगी। ट्रेड शो देश-दुनिया के सामने उत्तर प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के हुनर को प्रदर्शित किए जाने का एक अच्छा मंच साबित होगा।
यूपीआईटीएस में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चल रही विभिन्न योजनाओं जैसे समूह गठन की प्रक्रिया, टेक होम राशन, बीसी सखी, विद्युत सखी व बलिनी आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही समूहों द्वारा उत्पादित उत्पाद मसाले, मुरब्बा, अचार, परिधान, जरी जरदोजी, पॉटरी, ज्वैलरी, जूट का सामान, जरी साड़ी, ज्वेलरी, चिकनकारी, सूट, नमकीन, टेराकोटा उत्पाद, चमड़े का सामान एवं बलिनी के उत्पाद आदि की प्रदर्शनी व बिक्री करने की योजना है।
मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि यह ट्रेड शो राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं हेतु एक बहुत बड़ा अवसर है, जहां उनके द्वारा बनाए उत्पादों की बिक्री करने एवं अच्छा मुनाफा प्राप्त होने की आशा है। ट्रेड शो में प्रदेश के अलग-अलग कोनों से आई महिलाएं अपने हाथों से बनाए स्वादिष्ट व्यंजन और पारंपरिक फ़ूड प्रोडक्ट्स लेकर आएंगी। इस संबंध में मिशन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी प्रतिभागियों के रहने-खाने तथा ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था मिशन द्वारा निःशुल्क की जा रही है।

Related Articles

Back to top button