
खटीम। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं महान विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन दर्शन प्रत्येक जनसेवक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और उत्थान को विकास का आधार माना। उनका ‘अंत्योदय’ का विचार समाज के समग्र और समावेशी विकास के लिए आज भी प्रासंगिक एवं मार्गदर्शक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को आत्मसात करते हुए गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राष्ट्र और समाज के विकास को भारतीय मूल्यों तथा मानव-केंद्रित दृष्टिकोण से जोड़ने का कार्य किया। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



