राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: दिन में 40 पार पारा, रातें हुईं ठंडी

राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: दिन में 40 पार पारा, रातें हुईं ठंडी

राजस्थान में अक्टूबर की शुरुआत के साथ मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। दिन में तेज धूप के बीच कई जगह पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ने लगी है। अब अगले हफ्ते मौसम में एक और बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान पिलानी और फलोदी में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

श्रीगंगानगर में भी अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री रहा। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है। इसके उलट पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई शहरों में रातें ठंडी होने लगी हैं। सीकर में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीलवाड़ा, उदयपुर और नागौर समेत कई जगहों पर भी रात का तापमान 20 डिग्री के आसपास या इससे नीचे रहा।

अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम?मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में प्रदेश के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 3 से 5 अक्टूबर तक अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान किसी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात के समय तापमान में हल्की गिरावट के चलते ठंडक बढ़ सकती है। जयपुर में भी अगले कुछ दिनों तक दिन गर्म और सुबह-शाम का मौसम अपेक्षाकृत सुहाना रहने की संभावना है।

मानसून की विदाई अंतिम दौर मेंराजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई अब अंतिम चरण में है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में राज्य के शेष हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके बाद प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का दौर शुरू हो जाएगा। इस बीच कम बारिश वाले इलाकों पर भी नजर है। प्रदेश के 34 जिलों की 117 तहसीलों में सूखे जैसी स्थिति को लेकर सर्वे प्रस्तावित है।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com

Related Articles

Back to top button