
स्किम्स में रैगिंग पड़ी भारी: तीन छात्र और दो इंटर्न एक सप्ताह के लिए निलंबित
श्रीनगर के स्किम्स में रैगिंग के आरोप में तीन छात्रों और दो इंटर्न को एक सप्ताह के लिए निलंबित कर प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है
रैगिंग के आरोप में शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (स्किम्स) के तीन छात्र व दो इंटर्न को एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया है। प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। कार्रवाई संस्थान की एंटी रैगिंग कमेटी की सिफारिश पर वीरवार को की गई है। इनमें दो आरोपी जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के रहने वाले हैं।
निलंबित छात्रों में 2023 बैच के शुभम वर्मा और सुनील वर्मा, 2024 बैच के शाहदेव एवं 2021 बैच की इंटर्न रूपल सुंटल और लविश शर्मा शामिल हैं। आदेश के अनुसार रैगिंग की घटना को यूजीसी के एंटी रैगिंग नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया है। काॅलेज प्रशासन के अनुसार निलंबन अवधि में पांचों को कक्षाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से दूर रखा जाएगा। इंटर्न के मामले में इस अवधि का स्टाइपेंड भी नियमानुसार रोका जाएगा। प्रत्येक को पांच दिन के भीतर जुर्माने की राशि निर्धारित खाते में जमा कर उसकी रसीद अकादमिक सेक्शन में देने का निर्देश दिया गया है।
अभिभावकों को भी कमेटी ने बुलायाकॉलेज प्रशासन ने पांचों आरोपियों को अभिभावकों के साथ नाै अक्तूबर को एंटी रैगिंग कमेटी के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया है। निर्देशों का पालन नहीं करने पर यूजीसी के नियमों और संस्थान के प्रावधानों के तहत आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में सभी की मुश्किल बढ़ सकती है।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com


