बदरीनाथ से फाटा लौट रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 की मौत; CM धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने से बड़ा हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलिकॉप्टर चाय गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलिकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच यात्री शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX बताया गया है। बदरीनाथ से वापसी के दौरान जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र के पास चाय गांव की पहाड़ी के नजदीक उससे संपर्क टूट गया था। शुरुआत में हेलिकॉप्टर के लापता होने की आशंका जताई गई, लेकिन सर्च ऑपरेशन के दौरान उसके क्रैश होने और सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
हादसे में पांच यात्रियों की भी गई जान
हेलिकॉप्टर में पायलट के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एचएस नागाराजा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश ने बताया कि घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। हादसे की खबर से इलाके में शोक का माहौल है।
सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलिकॉप्टर हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया है। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताया। प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button