
लखनऊ में जुटेंगे देश के प्रमुख वित्तीय विशेषज्ञ, माइक्रोफाइनेंस के भविष्य और पुनर्संरचना पर होगा मंथन
उपमा का नौवां वार्षिक अधिवेशन 16 नवंबर को होटल ताज में, आरबीआई के पूर्व उप गवर्नर सहित देश के कई वरिष्ठ वित्तीय विशेषज्ञ करेंगे सहभागिता.
लखनऊ, 14 नवंबर 2026. माइक्रोफाइनेंस क्षेत्र को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से माइक्रोफाइनेंस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (उपमा) द्वारा आगामी 16 नवंबर को लखनऊ के होटल ताज में अपना नौवां वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में देश के जाने-माने वित्तीय विशेषज्ञ, बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, माइक्रोफाइनेंस संस्थानों के प्रमुख एवं नीति निर्धारक एक मंच पर जुटेंगे और माइक्रोफाइनेंस क्षेत्र की चुनौतियों, संभावनाओं तथा भविष्य की दिशा पर व्यापक विचार-विमर्श करेंगे।
सम्मेलन का मुख्य विषय ‘एक स्थायी एवं दीर्घकालिक माइक्रोफाइनेंस व्यवस्था की पुनर्संरचना’ निर्धारित किया गया है। इस विषय पर विशेष राउंड टेबल चर्चा एवं परिचर्चा भी आयोजित होगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री मनोज कुमार सिंह (आईएएस), पूर्व मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एवं वर्तमान सीईओ, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन होंगे। सम्मेलन के मुख्य वक्ता भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व उप गवर्नर श्री एम. राजेश्वर राव तथा प्रोफेसर श्री एम.एस. श्रीराम, भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), बेंगलुरु होंगे।
इस सम्मेलन में विभिन्न माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ नाबार्ड, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), सिडबी, भारतीय स्टेट बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ अधिकारी भी सहभागिता करेंगे।
सम्मेलन में वित्तीय समावेशन को अधिक प्रभावी बनाने, ऋण वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, संस्थागत उत्तरदायित्व तथा माइक्रोफाइनेंस क्षेत्र की दीर्घकालिक स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि माइक्रोफाइनेंस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (उपमा) की स्थापना 15 दिसंबर 2013 को हुई थी। वर्तमान में एसोसिएशन से लगभग 22 माइक्रोफाइनेंस संस्थाएं जुड़ी हुई हैं। ये संस्थाएं भारतीय रिजर्व बैंक के नियामकीय प्रावधानों के अंतर्गत समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, विशेषकर ग्रामीण एवं वंचित समुदायों को उनके निवास स्थान के निकट आजीविका एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराती हैं।
उपमा अपने सदस्य संस्थानों को स्वस्थ, जिम्मेदार एवं पारदर्शी ऋण व्यवस्था अपनाने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है। साथ ही, भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने, संस्थागत क्षमता विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा ग्राहकों के बीच डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता बढ़ाने की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभाता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमा के सीईओ श्री सुधीर सिन्हा, चेयरमैन श्री मुकुल जायसवाल (एमडी, कैशपोर माइक्रो क्रेडिट, वाराणसी), उपाध्यक्ष श्री विरेंद्र शर्मा तथा एसोसिएशन के सदस्य श्री पारस वासनिक एवं श्री निलेश शुक्ल उपस्थित रहे।
उपमा का यह वार्षिक अधिवेशन न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश के संपूर्ण माइक्रोफाइनेंस क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होने की उम्मीद है। सम्मेलन के माध्यम से एक ऐसी वित्तीय व्यवस्था के निर्माण पर सार्थक संवाद होगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के साथ-साथ संस्थागत विश्वसनीयता, वित्तीय अनुशासन एवं दीर्घकालिक विकास को भी नई दिशा प्रदान करे।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com



