
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने बुधवार को मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया। अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए उससे बात कर हथियार छोड़ने की अपील की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। मुठभेड़ स्थल से शव और हथियार बरामद किए गए हैं।अधिकारी बोले- हम तुम्हारे साथ हैंमुठभेड़ से पहले सुरक्षा बलों ने लतीफ भट से वीडियो कॉल पर संपर्क किया। वीडियो में एक अधिकारी उसे आत्मसमर्पण करने के लिए समझाते हुए कहता सुनाई देता है, ‘हम तुम्हारे साथ हैं।’ जवाब में भट ने कहा, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।’ इसके बाद उसने सरेंडर नहीं किया और इलाके में अभियान जारी रहा।सुबह से जारी था घेराबंदी अभियानबुधवार सुबह होने से पहले कुलगाम के कई इलाकों में सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन तेज कर दिया था। इसी दौरान फिर गोलीबारी हुई और मुठभेड़ में लतीफ भट मारा गया। अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान मस्जिद को नुकसान नहीं पहुंचा।सोमवार को मारा गया था उसका साथीलतीफ भट का साथी उमर निसार डार सोमवार को कुलगाम में एक मुठभेड़ में मारा गया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों 11 नवंबर को अखरान में CRPF की चौकी पर हमले में शामिल थे। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया था।हमले से पहले कई इलाकों की रेकीपुलिस ने मंगलवार को CCTV फुटेज जारी कर दावा किया था कि उमर निसार डार और लतीफ भट ने हमले से पहले कई स्थानों की रेकी की थी। जांच में सामने आया कि 10 नवंबर को दोनों ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम समेत कई इलाकों का जायजा लिया था। पुलिस के अनुसार, रेकी का उद्देश्य संभावित ठिकानों की पहचान करना और हमले की योजना बनाना था।पांच महीने से दे रहा था पनाहजांच के अनुसार, उमर निसार डार पिछले पांच-छह महीनों से लतीफ भट को पनाह और मदद दे रहा था। पुलिस ने लतीफ को 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए हमले से भी जोड़ा था, जिसमें एक पुलिसकर्मी की जान गई थी। CRPF चौकी हमले के बाद पूछताछ के लिए 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था।



