
शंख और घंटी से ही क्यों जागते हैं विष्णु जी? रहस्य जानकर आप भी बोलेंगे ‘जय श्रीहरि’
हिंदू धर्म में कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी बहुत खास मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु अपनी चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी दिन चातुर्मास भी खत्म होता है, इसलिए इसे देवउठनी एकादशी कहा जाता है। वैदिक पंचांग के अनुसार, आज यानी 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाई जा रही है।
देवउठनी एकादशी से विवाह और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस पावन रात को घरों और मंदिरों में शंख, घंटियां, थाली और सूप बजाकर भगवान विष्णु को जगाने की अनोखी और सदियों पुरानी परंपरा निभाई जाती है। इसे जानकर आपके मन में भी यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि भगवान विष्णु को शंख, घंटियां, थाली और सूप बजाकर क्यों उठाया जाता है और इसके पीछे क्या वजह है। आइए इस आर्टिकल में इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
शंख और घंटियों से क्यों जगाते हैं?धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी के दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में शयन करने चले जाते हैं। इस दौरान सृष्टि का संचालन भगवान शिव संभालते हैं। 4 महीने बाद जब विष्णु जी के जागने का समय होता है, तो कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर उन्हें निद्रा से जगाने लिए मंगल ध्वनि की जाती है।
शास्त्रों के अनुसार, शंख और घंटी की ध्वनि को बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि शंख और घंटी की ध्वनि घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने में फलदायी साबित होती है। इसलिए भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने के लिए शंख और घंटी बजाई जाती है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु को जगाने के लिए शंख और घंटी बजाने की यह परंपरा प्राचीन समय से चली आ रही है। प्रभु के जागने के बाद से ही विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु को योगनिद्रा से कैसे उठाएं?शाम को पूजा स्थल पर गन्ने से मंडप बनाएं और उसके बीच में भगवान विष्णु जी की प्रतिमा स्थापित करें।उन्हें शकरकंद, सिंघाड़ा, मिठाई और विशेष रूप से तुलसी दल अर्पित करें। सामने घी का दीपक जलाएं।रात के समय शंख, घंटी, सूप या थाली बजाकर मधुर ध्वनि से भगवान विष्णु को जगाएं।इसके बाद भगवान को फल, मिठाई, पूरी-सब्जी आदि चीजों का भोग लगाएं और अंत में लोगों के बीच प्रसाद बांटें।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com



