
अयोध्या। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम अब सीधे रेल मार्ग से जुड़ गए हैं। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि साझा संस्कृति, अटूट विश्वास और आत्मीयता का है। नेपाल के बिना राम अधूरे हैं और दोनों देश एक-दूसरे की खुशियों और मुश्किलों में सहभागी रहे हैं।नेपाल के विकास के लिए भारत का सहयोगपीएम मोदी ने कहा कि नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों का जीवन फिर से पटरी पर लाना और देश के दीर्घकालिक विकास को गति देना भारत की प्राथमिकता है। घोषित पैकेज के जरिए प्रभावित परिवारों के जीवन में खुशहाली लौटाने, नए अवसर पैदा करने और आपदाओं से निपटने की क्षमता मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के विजन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सोच नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाती है।राम-जानकी की आस्था को जोड़ेगी रेल सेवाप्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम और माता सीता भारत-नेपाल की साझा आस्था और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए देश-दुनिया से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और अब तक करीब 30 करोड़ लोग अयोध्या की यात्रा कर चुके हैं। सरयू-कमला एक्सप्रेस इस सांस्कृतिक रिश्ते को नया आयाम देगी।उन्होंने कहा कि दोनों देश धार्मिक आस्था से जुड़े पवित्र स्थलों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ लोगों के बीच आपसी संपर्क भी मजबूत होगा।सड़क और सीमा कनेक्टिविटी को मिलेगी गतिपीएम मोदी ने उत्तराखंड और नेपाल के बीच इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट के काम में तेजी लाने की बात कही। इससे व्यापार और लोगों की आवाजाही आसान होगी। बिहार, उत्तर प्रदेश समेत भारत के अन्य राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को भी गति दी जाएगी।ऊर्जा और औद्योगिक सहयोग पर जोरप्रधानमंत्री ने नेपाल की नदियों में जलविद्युत उत्पादन की संभावनाओं का जिक्र करते हुए लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि दोनों देश ऊर्जा सहयोग के साथ कृषि और औद्योगिक विकास में भी साझेदारी बढ़ाएंगे। नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।अंत में पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि बेहतर कनेक्टिविटी, निवेश, ऊर्जा सहयोग और बुनियादी ढांचे के विकास से नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने भारत-नेपाल मैत्री अमर रहे का उद्घोष करते हुए दोनों देशों के संबंधों का नया अध्याय लिखने का संकल्प दोहराया।



