
बलरामपुर: योगी ने मां पाटेश्वरी की उतारी आरती, गोशाला में गायों को खिलाया गुड़ व हरा चारा
यूपी के बलरामपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह मां पाटेश्वरी के दरबार में माथा टेका। देवीपाटन मंदिर में उन्होंने आदिशक्ति मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मां की आरती उतारी और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री का आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। मंदिर परिसर में मौजूद बच्चे उन्हें अपने बीच देखकर उत्साहित हो उठे। बच्चे मुख्यमंत्री के पास पहुंचे तो उन्होंने उनसे बातचीत की और चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति यह स्नेहिल व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।
मंदिर की व्यवस्थाओं का लिया जायजामुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोंडा में युवाओं को लैपटॉप वितरित करने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे। देवीपाटन मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने रात में मंदिर परिसर में ही विश्राम किया।
शनिवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा, सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति देखी। साथ ही संबंधित लोगों को निर्देश दिए कि मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मंदिर की व्यवस्थाएं सुचारु और व्यवस्थित रखी जाएं।
गोशाला में गायों को खिलाया गुड़ और हरा चारामंदिर भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से गुड़ और हरा चारा खिलाया। कुछ समय गोशाला में बिताकर गोसेवा भी की। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संतों से भी उनकी मुलाकात हुई।
कार्यक्रम में महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास और हनुमानगढ़ी अयोध्या के राजू दास समेत कई संत मौजूद रहे। दर्शन-पूजन, गोसेवा और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com



