
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के मुंबई के जुहू में स्थित बंगला बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की जांच के दायरे में आ गया है. खबरों के अनुसार, BMC ने कथित तौर पर बिना अनुमति किए गए निर्माण के चलते इस संपत्ति के कुछ हिस्सों को गिरा दिया गया है। इससे कुछ दिन पहले ही, ‘अनधिकृत’ निर्माण को लेकर काम रोकने का नोटिस जारी किया गया था।
बता दे कि 7,802 वर्ग फुट का यह बंगला जुहू की कपोले को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में स्थित है।
अजय देवगन के जुहू वाले बंगले पर BMC की कार्रवाई
BMC के अनुसार, अजय देवगन के जुहू स्थित बंगले पर कथित तौर पर बिना अनुमति किए गए निर्माण कार्य के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिसके तहत प्रॉपर्टी के कुछ हिस्सों को गिरा दिया गया है। नगर निकाय का आरोप है कि बिना जरूरी अनुमति के बंगले के अंदर बदलाव किए गए, दीवारें खड़ी की गईं, खिड़कियां लगाई गईं और अन्य निर्माण कार्य किए गए।
जिन लोगों को जानकारी नहीं है, उन्हें बता दें कि 10 सितंबर 2026 को BMC ने मुंबई नगर निगम अधिनियम की धारा 354A के तहत एक नोटिस जारी किया था। इसमें काम को तुरंत रोकने का निर्देश दिया गया था और जरूरी दस्तावेज व परमिट मांगे गए थे। हालांकि, नगर निकाय का कहना है कि नोटिस मिलने के बाद भी निर्माण कार्य जारी रहा, इसलिए उन्होंने इस अनधिकृत ढांचे के कुछ हिस्सों को गिरा दिया।
अजय देवगन के जुहू वाले बंगले को तोड़े जाने की तस्वीरें ऑनलाइन सामने आई हैं।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है , जब अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह मिस्ट्री थ्रिलर, अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी हिट साबित हुई है। ट्रेड ट्रैकर ‘सैकनिल्क’ (Sacnilk) के अनुसार, इस फिल्म ने भारत में 300 करोड़ रुपये और दुनिया भर में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ के रिलीज़ होने के बाद इसकी कमाई में थोड़ी गिरावट देखी गई है।



