अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा, कहा-लोकसभा चुनाव में भाजपा एक सांसद को छोड़कर सबका टिकट काटने जा रही

लखनऊ। यूपी विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और लोकसभा चुनाव को लेकर तंज भी कसा। उन्होंने इस दौरान कहा कि, मैं आपको एक ब्रेकिंग न्यूज दे रहा हूं। भाजपा लोकसभा चुनाव 2024 में एक सांसद को छोड़कर सबका टिकट काटने जा रही है और उनकी भी सीट बदल दी जाएगी। उन्होंने ये भी कहा कि, हो सकता है पीएम मोदी की भी सीट को बदल दिया जाए।

उन्होंने कहा कि, लोकसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित व अल्पसंख्यक) ही एनडीए को हराएगा। भाजपा की सरकार में युवा बेरोजगारी से परेशान है। दस साल सत्ता में रहने के बाद भी भजापा सरकार बेरोजगारी और महंगाई कम नहीं कर पाई है। किसानों से किए गए उनके सभी वादे अधूरे हैं। भजापा ने अपने राज में किसानों को सबसे ज्यादा दुखी किया है।

उन्होंने कहा कि पीडीए में 90 प्रतिशत वो लोग शामिल हैं जो कि भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हैं। सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 16 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सपा इंडिया गठबंधन में शामिल है और कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। हालांकि, सपा द्वारा कांग्रेस को विश्वास में लिए बिना प्रत्याशियों की घोषणा करने पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है।

Related Articles

Back to top button