अखिलेश यादव ने पीडीए रथ को किया रवाना, बोले- अब असली राजनीतिक महाभारत

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने PDA को मजबूत करने के संदेश के साथ पार्टी का प्रचार अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को उन्होंने सपा कार्यालय से PDA यात्रा रथों को नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान शंखनाद और मंत्रोच्चार भी हुआ। इन रथों के जरिए युवाओं, पीड़ितों और पिछड़े वर्गों तक पार्टी का संदेश पहुंचाने की तैयारी है।
‘जहां समाजवादी हैं, वहीं रामराज है’
रथों को रवाना करने के बाद अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आने वाले समय में असली राजनीतिक महाभारत शुरू होने जा रहा है। उन्होंने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस लड़ाई में पार्टी को खत्म करना है। अखिलेश ने कहा, “जहां समाजवादी हैं, वहीं रामराज है।” उन्होंने सनातन और अच्छाई का जिक्र करते हुए कहा कि बुरे काम करने वाले नकली सनातनी हैं।
सामाजिक न्याय और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर सामाजिक न्याय और लोगों के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए संघर्ष जारी रखना होगा। चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि डुप्लीकेट वोट मिलने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने बीजेपी पर चुनाव आयुक्त को बचाने का भी आरोप लगाया।
जलभराव, मिलावट और शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया
सपा प्रमुख ने लखनऊ में जलभराव, शिक्षा व्यवस्था और खाद्य पदार्थों में मिलावट जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि मिलावट के मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती। अखिलेश ने बीजेपी पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
सीट बंटवारे पर बीजेपी को घेरा
सीट शेयरिंग के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सीटों का बंटवारा बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। RLD को कितनी सीटें दी जाएंगी और सहयोगी दलों के बीच तालमेल कैसे बनेगा, इस पर भी उन्होंने सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी को डर है कि कहीं वह उत्तर प्रदेश से राजनीतिक रूप से खत्म न हो जाए।

Related Articles

Back to top button