एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी…कांस्य पदक जीतने पर पीएम मोदी ने भारतीय हॉकी टीम को दी बधाई

नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। भारत की इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा कि इस जीत को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। भारत ने पचास साल बाद ओलंपिक में लगातार दूसरी बार पदक जीता। इसके साथ ही ओलंपिक में आठ बार की चैम्पियन भारतीय हॉकी टीम का यह 13वां पदक है।

टीम को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी! भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता! यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत हिम्मत और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं के बीच इस खेल को और भी लोकप्रिय बनाएगी।”

इसके साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी टीम को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि, जय हो! पेरिस ओलंपिक-2024 की हॉकी प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीतने की हार्दिक बधाई टीम इंडिया!आप हमारे चैंपियन हैं। भारत को आप पर गर्व है।

Related Articles

Back to top button