जागरुक जनता अब भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली, वो मोदी सरकार को ज़रूर सबक़ सिखाएगी: मल्लिकार्जुन खरगे

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। विपक्षी दलों की तरफ से लगातार भाजपा सरकार पर निशाना साधा जा रहा है। अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकारपर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, जागरुक जनता अब भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली, वो मोदी सरकार को ज़रूर सबक़ सिखाएगी।

मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा कि, अर्थव्यवस्था को अनर्थव्यवस्था बनाने में मोदी सरकार विश्वगुरु है। परिवार-परिवार करते हुए देश के परिवारों पर क़र्ज़ का बोझ इतिहास में सबसे ऊंचे स्तर पर कर दिया है। देश के परिवारों की घरेलू बचत क़रीब 50 सालों में सबसे कम कर दी है।

इसके साथ ही कहा, महिला, युवा, किसान, ग़रीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग-सब मोदी सरकार के आर्थिक बंटाधार का दंश झेल रहें हैं। कांग्रेस जब अपने न्याय पत्र में इनकी कमाई, दवाई और पढ़ाई की भरपाई की गारंटी लाती है तो मोदी जी ऊलजलूल बयानबाज़ी करने लगते हैं।

उन्होंने ​आगे लिखा कि, ज़रा सोचिए क्यों? क्योंकि उनकी भयानक विफलताओं का सच अब जनता के सामने खुल कर आ रहा है। जागरुक जनता अब भाजपा के झाँसे में नहीं आने वाली, वो मोदी सरकार को ज़रूर सबक़ सिखाएगी।

Related Articles

Back to top button