लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल होने हैं। ऐसे में जल्द ही योगी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद की रिक्त 12 सीटों पर आगामी 28 जनवरी को प्रस्तावित मतदान के बाद मंत्रिमंडल में भी फेरबदल हो सकता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कैबिनेट विस्तार में यूपी को तीसरा उप मुख्यमंत्री भी मिल सकता है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि गुजरात कैडर के एक आईएएस अफसर ने रिटायर होने के दो साल पहले ही वीआरएस ले लिया। मूलरूप से यूपी के रहने वाले इस अफसर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भरोसेमंद माना जाता है।
माना जा रहा है कि बीजेपी को साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जातीय समीकरण में फिट बैठने वाला एक उप मुख्यमंत्री चाहिए। कयास लगाए जा रहे हैं कि कैबिनेट विस्तार में एक और डिप्टी सीएम को शपथ भी दिलाई जाएगी। फिलहाल केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा उपमुख्यमंत्री का पद संभाल रहे हैं। अभी योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में कुल 54 मंत्री हैं। इनमें 23 कैबिनेट मंत्री, नौ मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्यमंत्री का दर्जा मिला है, शेष 22 राज्य मंत्री हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार का पिछला मंत्रिमंडल विस्तार 19 अगस्त 2019 में किया था।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के काजा खुर्द निवासी अरविंद कुमार शर्मा गुजरात कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह पीएम नरेंद्र मोदी के बेहद खास माने जाते हैं। अरविंद कुमार शर्मा ने जुलाई 2022 में निर्धारित समय से पहले सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली।