किसान आंदोलन: संयुक्त किसान मोर्चा की अहम बैठक, 26 फरवरी को ट्रैक्टर मार्च करने का लिया फैसला

चंडीगढ़। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है। किसान आंदोलन के बीच संयुक्त किसान मोर्चा की अहम बैठक हुई, जिसमें कई निर्णय लिए गए हैं। इसमें देशभर के कई राज्यों से पहुंचे किसान नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में 26 फरवरी को देशभर में किसानों ने ट्रैक्टर मार्च करने का फैसला लिया, जबकि 14 मार्च को किसान दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत करने का एलान किया है।

किसान नेता जोगिंदर सिंह उग्रराहां ने बताया कि 23 फरवरी को किसान पूरे देश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज के पुतले फूकेंगे। खनौरी बॉर्डर पर जान गंवाने वाले युवा किसान शुभकरण सिंह की मौत पर किसान नेताओं ने दुख जताया और श्रद्धाजंलि अर्पित की। किसान नेताओं ने कहा कि किसान संगठन पूरे देश में रोष और काला दिन के रूप में प्रदर्शन करेंगे।

किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने पंजाब की सीमा पर कार्रवाई की है। उन्होंने हरियाणा पुलिस के खिलाफ 302 के तहत केस दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच की जाए। हरियाणा के सीएम व गृह मंत्री के खिलाफ भी केस दर्ज करने की मांग उन्होंने की। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की मांग भी संयुक्त किसान मोर्चा ने की।

Related Articles

Back to top button