चार चरणों के चुनाव के बाद INDIA गठबंधन BJP से आगे है: मल्लिकार्जुन खरगे

लखनऊ। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के बारे में जानकारी देते हुए की। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि, देश में चार चरणों के चुनाव हो चुके हैं। INDIA गठबंधन बेहद मजबूत स्थिति में है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हिंदुस्तान की जनता ने नरेंद्र मोदी की विदाई तय कर दी है। 4 जून को INDIA गठबंधन नई सरकार बनाने जा रही है।

उन्होंने आगे कहा कि, यह लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। आज देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ, गरीबों के पक्ष में लड़ने वाली पार्टियां हैं। दूसरी तरफ, अमीरों के पक्ष में खड़े होने वाले लोग हैं। हमारी लड़ाई गरीबों की ओर से है, जिन्हें खाना नहीं मिलता और नौकरी नहीं मिलती। हमारा गठबंधन देश में फैली बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ यह लड़ाई लड़ रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि, ये संसद का बेहद महत्वपूर्ण चुनाव है। जिससे देश का भविष्य बनेगा और आने वाले पीढ़ी को सुरक्षित रखा जाएगा। देश के भविष्य को बनाने व संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सबको मिलके काम करना चाहिए। इसलिए हम सब मिलकर आपके लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि, विपक्ष के नेताओं को BJP के लोग नामांकन करने से रोक रहे हैं। हमारे पोलिंग एजेंट को भी डरा-धमका रहे हैं। चुनाव में लेवल प्लेइंग ग्राउंड होना चाहिए, लेकिन फिर भी हम लड़ रहे हैं। हालांकि, चार चरणों के चुनाव के बाद रिपोर्ट्स से पता चलता है कि INDIA गठबंधन BJP से आगे है।

Related Articles

Back to top button