India-England Test Match: भारत ने हासिल की बड़ी जीत, इंग्लैंड को 434 रनों से हराया

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा है। तीसरे मैच में भारत ने बड़ी जीत हासिल की है। भारत ने 434 रनों से जीत हासिल की है। इसी के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। राजकोट में खेले गए मुकाबले की पहली पारी में भारतीय टीम ने 445 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 319 रन बना सकी। भारत को 126 रन की लीड मिली। दूसरी पारी में भारत ने 430 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और बेन स्टोक्स की टीम को 557 रन का लक्ष्य थमाया। इसका पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 122 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

टेस्ट में भारत की अब तक सबसे बड़ी जीत
राजकोट में खेले गए टेस्ट मुकाबले में भारत ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 2021 में खेले गए मैच में भारत ने 372 रन से जीत दर्ज की थी। वहीं, 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने 337 रन से मुकाबला अपने नाम किया था। 2016 में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 321 रन से मात दी थी। इसके अलावा 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने मोहाली में 320 रन से जीत दर्ज की थी।

मेजबानों ने इंग्लैंड को थमाया 557 रन का लक्ष्य
भारत ने दूसरी पारी चार विकेट पर 430 रन बनाकर घोषित कर दी और इंग्लैंड को 557 रन का लक्ष्य थमाया। यशस्वी जायसवाल 236 गेंद पर 14 चौके और 12 छक्के बनाकर नाबाद रहे। वहीं, सरफराज ने 72 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 68 रन की पारी खेली। दोनों के बीच नाबाद 158 गेंद में 172 रन की तूफानी साझेदारी हुई। इससे पहले भारत की दूसरी पारी में चौथे दिन शुभमन गिल 91 रन और कुलदीप यादव 27 रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं, शनिवार को रोहित शर्मा 19 रन और रजत पाटीदार खाता खोले बिना आउट हुए थे। इंग्लैंड की ओर से रूट, हार्टले और रेहान को एक-एक विकेट मिला।

Related Articles

Back to top button