अखिलेश यादव पर केशव मौर्य का हमला, 2027 में BJP की जीत का दावा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने फतेहपुर रवाना होने से पहले लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया और दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा, “समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष कहूँ या सपा बहादुर कहूँ या फर्जी पीडीए चलाने वाला कंपनी का डायरेक्टर कहूँ, सौ-सौ चूहे खा कर बिल्ली हज को चली, वही हाल श्री अखिलेश यादव जी का है.”
उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहब के नाम का शिलापट हटाने और उनके नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने वाली पार्टी को उनके बारे में बात नहीं करनी चाहिए। मौर्य ने यह भी आरोप लगाया कि सपा संविधान के नाम पर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर गुंडों, माफियाओं, अपराधियों, दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “सपा का न कोई वर्तमान अच्छा है, न उसका भविष्य अच्छा है.” प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा की सत्ता में वापसी से जमीन और दुकानों पर कब्जे तथा दंगों की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2027 में भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा, “कांग्रेस का हाथ देश के दुश्मनों के साथ, समाजवादी पार्टी का हाथ प्रदेश के दुश्मनों के साथ.” राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर उन्होंने कहा, “वोट चोरी नहीं हो रही है, चोरों को देश की जनता ने वोट देना बंद कर दिया है.” उन्होंने दावा किया कि जनता ने इस मुद्दे को नकारते हुए भाजपा को स्वीकार किया है। मौर्य ने अपने बयान के अंत में कहा, “इसलिए विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश बनने तक न सपा-कांग्रेस आने वाली है और भाजपा जाने वाली नहीं है.

Related Articles

Back to top button