महिला कंडोम को भारतीय महिलाओं के लिहाज से स्वीकार्य बनाने के लिए हिंदुस्तान लेटेक्स लिमिटेड (एचएलएल) इसके नए उन्नत संस्करण जारी करने की योजना पर काम कर रहा है। इस नए उत्पाद की कीमत भी मौजूदा उत्पाद से करीब 30 फीसदी कम रखे जाने का विचार किया जा रहा है। तीन पीस वाले महिला कंडोम की रियायती सरकारी दर 24 रुपये है। हालांकि करीब पांच वर्ष चलने वाला यह उत्पाद खुले बाजार में 100 रुपये में उपलब्ध हैं।
एचएलएल ने हाल ही में नेचुरल लेटेक्स (रबर) फार्मुलेशन पर आधारित नया महिला कंडोम विकसित किया है। अगले साल की शुरुआत में इसे लॉन्च किए जाने की तैयारी की जा रही है। लेटेक्स से तैयार होने वाले पुरुष कंडोम के विपरीत अब तक मजबूत लेकिन पतले मटेरियल पॉलीयूरीथेन से बने महिला कंडोम ही भारतीय बाजार में उपलब्ध हैं। इन महिला कंडोम को ‘वेलवेट’ के नाम से जारी किया गया है। महिला कंडोम को संभोग से अधिकतम आठ घंटे पहले लगाया जा सकता है। एक ब्रिटिश कंपनी के सहयोग से बने इस कंडोम को विश्व स्वास्थ्य संगठन भी मंजूरी दे चुका है।

पिछले वर्ष देश के खुले बाजार में करीब 35 हजार महिला कंडोम बेचे गए। हिंदुस्तान लेटेक्स लिमिटेड और नेशनल एड्स नियंत्रण संगठन (एनएसीओ) इसके सबसे बड़े खरीदार रहे। ये अपने नेटवर्क के जरिए इन्हें महिलाओं में वितरित करते हैं।