मेरठ-लखनऊ वंदे भारत शुरू: PM मोदी ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मेरठ। मेरठ-लखनऊ के बीच चलने वाली वंदेभारत ट्रेन का आज से संचालन शुरू हो गया। मेरठ सिटी स्टेशन पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्लेटफार्म नंबर एक से दोपहर 12:55 बजे ट्रेन रवाना हुई। पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल हरी झंडी दिखा कर ट्रेन को रवाना किया। उद्घाटन के दिन आज 200 स्कूली बच्चे और पास वाले लोग निशुल्क यात्रा कर रहे हैं। वहीं रविवार से ट्रेन नियमित चलेगी। मेरठ से ट्रेन सुबह 6:35 बजे लखनऊ के लिए चलेगी। मंगलवार को संचालन नहीं होगा।

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि, आज उत्तर से दक्षिण तक, देश की विकास यात्रा में एक और अध्याय जुड़ रहा है। आज से मदुरै-बेंगलुरु, चेन्नई-नागरकोविल और मेरठ-लखनऊ के बीच वंदे भारत ट्रेनों की सेवा शुरू हो रही है। वंदे भारत ट्रेनों का ये विस्तार, ये आधुनिकता, ये रफ्तार… हमारा देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर कदम दर कदम बढ़ रहा है। विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए दक्षिण के राज्यों का तेज विकास बहुत जरूरी है। दक्षिण भारत में अपार प्रतिभा है, अपार संसाधन और अवसर हैं। इसलिए, तमिलनाडु और कर्नाटक समेत पूरे दक्षिण का विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, बीते 10 वर्षों में इन राज्यों में रेलवे की विकास यात्रा इसका उदाहरण है। इस साल के बजट में हमने तमिलनाडु को 6 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा रेलवे बजट दिया है। ये बजट 2014 की तुलना में 7 गुना से अधिक है। इसी तरह कर्नाटक के लिए भी इस बार 7 हजार करोड़ से ज्यादा का बजट आवंटित हुआ है। ये बजट भी 2014 की तुलना में 9 गुना अधिक है।

पीएम ने कहा, आज मेरठ-लखनऊ रूट पर वंदे भारत ट्रेन के जरिए यूपी और खासकर पश्चिमी यूपी के लोगों को भी खुशखबरी मिली है। मेरठ और पश्चिमी यूपी क्रांति की धरती है। आज यह क्षेत्र विकास के नई क्रांति का साक्षी बन रहा है।

Related Articles

Back to top button