Modi 3.0: विभागों के बंटवारों के बाद अमित शाह, अश्विनी वैष्णव समेत इन मंत्रियों ने संभाला कार्यभार

Modi 3.0: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने मंत्रियों के विभागों का बंटवार कर दिया। विभागों के बंटवारे के बाद मंत्रियों ने कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है। अपने तीसरे कार्यकाल में भी मोदी ने अपने पुराने सिपहसालारों पर भरोसा करते हुए मंत्रिमंडल में किसी बड़े बदलाव से गुरेज किया है। उन्होंने अमित शाह, राजनाथ सिंह, एस जयशंकर और अश्विनी वैष्णव समेत कई मंत्रियों पर फिर से विश्वास जताया है। वहीं, कुछ मंत्रालय में बदलाव भी किया है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह पर पीएम मोदी ने एक बार फिर भरोसा दिखाया। उन्हें फिर से केंद्रीय गृह मंत्री का कार्यभार सौंपा गया है। उन्होंने गृह मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। इसके साथ ही किरेन रिजिजू ने संसदीय कार्य मंत्री, संजय सेठ ने रक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री और एल. मुरुगन ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला।

वहीं, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने पर्यटन मंत्रालय के राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला। साथ ही डॉ. जितेंद्र सिंह ने कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय में राज्य मंत्री, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री का पदभार संभाला। राजीव रंजन(ललन) सिंह ने पंचायती राज मंत्री और मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री के रूप में पदभार संभाला।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर पीएम मोदी ने दूसरी बार भरोसा दिखाया। उन्हें फिर से पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय सौंपा गया। उन्होंने आज सुबह पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया।

Related Articles

Back to top button