मोदी सरकार ने नोटबंदी और GST लाकर छोटे व्यापारियों और उद्योग-धंधों को खत्म कर दिया: राहुल गांधी

अलीगढ़। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्र जारी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में इस यात्रा का आज 43वां दिन है। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से शुरू होकर आगरा पहुंचेगी। वहीं, यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी लगाकार सरकार को घेर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, जब परिवार में लड़ाई होती है, तो परिवार कमजोर होता है। इसी तरह, जब कोई देश को कमजोर करता है, तो एक देशभक्त देश को बचाता है। नफरत और हिंसा को मिटाता है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का यही लक्ष्य था।

इसके साथ ही कहा, देश में बढ़ती नफरत का कारण अन्याय है। हिंदुस्तान में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। इसी अन्याय के खिलाफ हमने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की है। उन्होंने कहा, आप पढ़ाई करते हैं, प्राइवेट ट्यूशन लेते हैं। फिर जब परीक्षा देने जाते हैं तो पता चलता है कि पेपर लीक हो चुका है। मोदी सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी नौकरी मांगने वालों का समय बर्बाद कर दो, क्योंकि ये आपको रोजगार नहीं देना चाहते।

राहुल गांधी ने कहा कि, देश का पूरा धन अडानी को सौंपा जा रहा है। ऐसे में रोजगार कैसे पैदा होगा? क्योंकि मोदी सरकार ने नोटबंदी और GST लाकर छोटे व्यापारियों और उद्योग-धंधों को खत्म कर दिया है। हिंदुस्तान की सेना में लाखों लोग देशसेवा करते थे। उन जवानों को सम्मान के साथ मेडिकल, कैंटीन, पेंशन जैसी सुविधाएं मिलती थीं। लेकिन अब जो अग्निवीर 4 साल बाद सेना से वापस आएंगे, उनकी आर्थिक स्थिति खराब होगी।

Related Articles

Back to top button