नई दिल्ली। कांग्रेस में बड़े बदलाव की मांग लंबे समय से चल रही है। इस बीच पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने नेतृत्व में बदलाव की मांग को लेकर सोनिया गांधी को पत्र लिखा है। इसको लेकर सोनिया गांधी ने आज कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई है। इस बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मनमोहन सिंह समेत अन्य नेता शामिल हुए हैं।
बता दें कि, कांग्रेस के कई नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर नेतृत्व में बदलाव करने की मांग की थी। इस पत्र का सोनिया गांधी ने संज्ञान लिया था। इसके बाद उन्होंने कहा था कि हम सबको मिलकर नए अध्यक्ष की खोज करनी है। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी ने कह दिया है कि वो अब आगे पार्टी अध्यक्ष नहीं बने रहना चाहती हैं।
रविवार को खबर आई थी कि सोनिया गांधी अपने पद को बरकरार नहीं रखना चाहती हैं। वहीं 23 नेताओं ने उन्हें पत्र लिखकर पार्टी में ऊपर से लेकर नीचे तक बदलाव की मांग की है। इस पत्र को पांच पूर्व मुख्यमंत्रियों, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य, सांसद और एक दर्जन से अधिक पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने लिखा है।
