मुंबई। नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। वहीं, इसको लेकर शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ आतंकियों जैसा बर्ताव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को दिल्ली आने से रोका गया है।
इससे ऐसा लग रहा है कि वह इस देश के नहीं हैं। बल्कि बाहर के किसान हैं। उनके साथ आतंकवादियों जैसा बर्ताव किया जा रहा है। इस तरह का बर्ताव करना देश के किसानों का अपमान करना है। संजय राउत के इस बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा के शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि किसानों की चिंता हम करते हैं और करते रहेंगे।
किसान हमारे दिल में बसते हैं, किसानों को भड़काने का काम कोई ना करें। हम जो फैसला लेते हैं वो किसानों के हित में होता है। लोगों के बीच गलतफहमी पैदा की जा रही है, हमारी अपील है कि वो गलतफहमी के शिकार ना हो।
