नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput ) के परिवार को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले शिवसेना सांसद संजय राउत के सुर अब बदल गए हैं। पहले अभिनेता के परिवार पर विवादित बयान देने वाले शिवसेना नेता अब उनके साथ खड़े होने की बात कह रहे हैं।
संजय राउत ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के परिवार वालों को धैर्य रखने के लिए कहा था लेकिन मेरा बयान तोड़-मरोड़कर ऐसा दिखाया जा रहा है जैसे मैं सुशांत के परिवार को धमका रहा हूं। संजय राउत ने कहा कि मुंबई पुलिस पर विश्वास रखें और अगर आपको लगता है कि पुलिस अपना काम नहीं कर रही है तो सीबीआई की मांग कर सकते हैं।
संजय राउत ने आगे कहा कि सुशांत सिंह राजपूत हमारा बेटा है, सुशांत मुंबई में रहते थे और वो एक अभिनेता थे। संजय राउत ने कहा कि बॉलीवुड मुंबई का ही परिवार है। संजय राउत ने सवाल करते हुए कहा कि हमारी सुशांत से क्या दुश्मनी हो सकती है।

संजय राउत ने इस मामले को लेकर कहा कि हम खुद चाहते हैं कि सुशांत के परिवार को न्याय मिले और इस मामले के पीछे जो भी सच हो वो सबके सामने आए। बता दें कि इससे पहले संजय राउत सुशांत सिंह राजपूत के मामले पर सख्त रूख रखते थे। संजय राउत ने कहा था कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने दूसरी शादी की थी।