पीएम मोदी ने ममता बनर्जी सरकार पर साधा निशाना, कहा-TMC के राज में नारीशक्ति पर अत्याचार का घोर पाप हुआ है

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के बारासात में नारी शक्तिवंदन अभिनंदन कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी नेताओं पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा कि, केंद्र सरकार में NDA की वापसी पक्की देखकर, INDI alliance के सारे नेता बौखला गए हैं। इस इंडी गठबंधन के भ्रष्टाचारी लोग आजकल मेरे परिवार के बारे में पूछ रहे हैं। ये लोग कह रहे हैं कि मोदी का खुद का परिवार ही नहीं हैं, इसलिए मैं परिवारवाद के खिलाफ बात करता हूं। पीएम ने कहा, मेरे देश की बहनें…यही तो मोदी का परिवार हैं। मोदी के शरीर का कण-कण और जीवन का क्षण-क्षण इसी परिवार के लिए समर्पित है। जब मोदी को कोई कष्ट होता है-तो यही माताएं-बहनें-बेटियां कवच बनकर खड़ी हो जाती हैं।

इसके साथ ही उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, TMC सरकार बंगाल की महिलाओं के गुनाहगारों को बचाने के लिए पूरी शक्ति लगा रही है। लेकिन पहले हाइकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट से भी राज्य सरकार को झटका लगा है।

उन्होंने कहा, इसी धरती पर TMC के राज में नारीशक्ति पर अत्याचार का घोर पाप हुआ है।संदेशखाली जो कुछ भी हुआ, उससे किसी का भी सिर शर्म से झुक जाएगा। लेकिन यहां की TMC सरकार को, आपके दुख से कोई फर्क नहीं पड़ता। बंगाल की ये भूमि नारीशक्ति की बहुत बड़ी प्रेरणा केंद्र रही है, यहां से नारीशक्ति ने देश को दिशा दी है। इस धरती ने अनेक शक्ति स्वरूपा इस देश को दी है।

पीएम मोदी ने कहा, गरीब, दलित, आदिवासी परिवारों की बहन-बेटियों के साथ TMC के नेता जगह-जगह अत्याचार कर रहे हैं। लेकिन TMC सरकार को अपने अत्याचारी नेता पर भरोसा है, बांग्ला बहन-बेटियों पर भरोसा नहीं है। इस व्यवहार से बंगाल की महिलाएं, देश की महिलाएं आक्रोश में हैं। नारीशक्ति के आक्रोश का ये ज्वार संदेशखाली तक ही सीमित नहीं रहने वाला।

इसके साथ ही उन्होंने कहा, तुष्टिकरण और टोलाबाजों के दबाव में काम करने वाली TMC सरकार कभी भी बहन बेटियों को सुरक्षा नहीं दे सकती। वहीं दूसरी तरफ भाजपा की केंद्र सरकार है, जिसने बलात्कार और रेप जैसे संगीन अपराध के लिए फांसी की सजा तक की व्यवस्था की है। संकट के समय बहनें आसानी से शिकायत कर सकें, इसके लिए महिला हेल्पलाइन बनाई गई है। लेकिन TMC सरकार इस व्यवस्था को यहां लागू नहीं होने दे रही है। ऐसी महिला विरोधी TMC सरकार महिलाओं का कभी भला नहीं कर सकती।

उन्होंने कहा, बंगाल पर TMC नाम का ग्रहण लगा हुआ है। वो इस राज्य के विकास को आगे नहीं बढ़ने दे रहा। इसलिए आप सभी बहनों को इंडी गठबंधन को हराना हैं, देश के कोने-कोने में कमल खिलाना हैं।

Related Articles

Back to top button