सपा-कांग्रेस पर पीएम मोदी ने साधा निशाना, कहा-ये इंडी गठबंधन वालों को राम मंदिर और राम से परेशानी है

बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, इस देश में बहुत लोग हैं- जिन्हें अपने बेटे का जन्मदिन याद नहीं है, अपनी शादी की तारीख याद नहीं है, लेकिन इस देश के बच्चे-बच्चे को पता है 22 जनवरी, 2024 मैं 22 जनवरी बोलता हूं और देश बोल पड़ता है- जय श्री राम…अयोध्या में उस ऐतिहासिक दिन मैंने कहा था, राम से राष्ट्र, विरासत से विकास, अध्यात्म से आधुनिकता। आज देश इसी मंत्र पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि, भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। आज भारत का कद बढ़ा है, सम्मान बढ़ा है। भारत अब वैश्विक मंचों पर बोलता है, तो दुनिया सुनती है। भारत फैसले लेता है, तो दुनिया साथ चलती है। पाकिस्तान तो पस्त पड़ गया है, लेकिन उसके हमदर्द सपा-कांग्रेस वाले अब भारत को डराने में जुटे हैं। ये लोग कहते हैं, पाकिस्तान से डरो, उसके पास एटम बम है। क्यों डरे भारत? आज भारत में कांग्रेस की कमजोर सरकार नहीं है, मोदी की मजबूत सरकार है। भारत आज घर में घुसकर मारता है।

पीएम ने कहा कि, इंडी गठबंधन की परिवारवादी पार्टियों ने तुष्टिकरण की सारी हदें पार कर दी हैं। हमारा देश 500 वर्षों से राम मंदिर की प्रतीक्षा कर रहा था, लेकिन ये इंडी वालों को राम मंदिर और राम से परेशानी है। सपा के बड़े नेता कहते हैं, राम मंदिर तो बेकार है। सपा खुलेआम कहती है, राम मंदिर जाने वाले पाखंडी हैं। इंडी गठबंधन के एक और नेता ने कहा, राम मंदिर अपवित्र है। ये लोग सनातन धर्म के विनाश की बात करते हैं और इन सबकी आका कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस के शहजादे तो राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला पलटना चाहते हैं। ये राम मंदिर पर बाबरी ताला लगाने का सपना देख रहे हैं। ये रामलला को फिर से टेंट में भेजना चाहते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, सपा ने यूपी को केवल बदनामी दी थी। हमारी बहन-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल था। लोग जमीन खरीदने से डरते थे, जमीन खरीदी तो कोई न कोई कब्जा कर लेता था। गुंडे-माफिया सपा के मेहमान होते थे, दंगाइयों को स्पेशल प्रोटोकॉल मिलता था, आतंकवादियों को जेल से छोड़ने का फरमान जारी होता था। इस चुनाव में ऐसी कोई गलती नहीं करनी है, जिससे इन लोगों का हौसला बढ़े।

Related Articles

Back to top button