राहुल गांधी का पीएम मोदी पर निशाना, बोले-उन्होंने अरबपतियों की जेब में पैसा डाला, हम गरीबों को पैसा देंगे

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज रायबरेली पहुंचे, जहां वो चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उनके साथ प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद हैं। सरेनी में चुनावी जनसभा को संबोधि​त करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, रायबरेली और मेरे परिवार का बहुत पुराना रिश्ता है। हमारा ये रिश्ता 100 साल पुराना है। यहां पहले मेरे परदादा जवाहरलाल नेहरू जी आए थे। मैं ये कह सकता हूं कि जवाहरलाल नेहरू जी को रायबरेली की जनता ने राजनीति सिखाई थी। फिर जब जवाहरलाल नेहरू जी देश के प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने देश की नींव रखी। यानी देश की राजनीतिक नींव रायबरेली की जनता ने रखी। फिर इंदिरा गांधी जी और सोनिया गांधी जी यहां आईं, उन्होंने कई बड़े काम किए और अब मैं यहां आया हूं।

उन्होंने आगे कहा कि, नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों की जेब में पैसा डाला, उस पैसे से उन्होंने अमेरिका, दुबई में जमीन खरीदी, बिजनेस किया। लेकिन जब हम गरीबों को पैसा देंगे तो आप शर्ट, पैंट, जूता खरीदेंगे। जैसे ही आप ये सब खरीदना शुरू करेंगे, वैसे ही हिंदुस्तान की बंद फैक्ट्रियां चालू हो जाएंगी। जिससे आपको रोजगार मिलेगा और हर चीज पर ‘मेड इन इंडिया’ लिखा होगा।

इस दौरान राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि, मैं चुनाव प्रचार के लिए पूरे देश के दौरे पर हूं। ऐसे में मेरी बहन ने यहां मेरे लिए अपना खून-पसीना एक कर दिया है। उसका दिल से धन्यवाद…

इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि, रायबरेली में BJP के प्रत्याशी का सुबह से शाम तक एक ही काम है। लोगों की जमीन छीनो, लोगों को धमकाओ, किसी के साथ मारपीट करो और फर्जी मुकदमे डालो। इसलिए रायबरेली से पूरे देश को संदेश भेजिए कि हम ऐसी राजनीति चाहते हैं, जो सच के साथ सरकार चलाए। राहुल जी को अपना नेता चुनिए, जो जनता के लिए समर्पित रहते हैं और सेवा करते हैं।

Related Articles

Back to top button