
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पेपर लीक के मुद्दे पर उत्तराखंड के देहरादून में छात्रों को कल संबोधित करेंगे। इस दौरान वो छात्रों से बातचीत करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 17 जुलाई को देहरादून आ रहा हूँ। पर उत्तराखंड ही क्यों? क्योंकि देवभूमि को पेपर लीक का epicentre बना दिया गया है।
इसके साथ ही लिखा, UKSSSC परीक्षा में यहाँ एक “सिस्टम” बैठ गया है, जहां पटवारी, लेखपाल, या कोई और पद क़ाबिलियत से नहीं, अपराधियों के तय किए रेट से मिलता है। सरकार ने सख़्त नकल-विरोधी क़ानून बनाया-फिर भी लीक होते रहे। क़ानून काग़ज़ पर रहा, और पेपर बाज़ार में बिकते रहे।
राहुल गांधी ने आगे लिखा, ज़रा सोचिए, एक बच्चे ने सालों तैयारी की। फ़ॉर्म भरा, फ़ीस दी, दूर के सेंटर तक गया। और उसका पद किसी और ने ख़रीद लिया। यह लीक नहीं – यह चोरी है। उस युवा के हक़ की, उसके रोज़गार की, उसके भविष्य की। मैं उत्तराखंड के हर अभ्यर्थी, हर छात्र, हर युवा से कहता हूँ – यह आपकी लड़ाई है, और मैं आपके साथ हूँ। 17 जुलाई, देहरादून। आइए, ‘छात्रों की गूँज’ को हुंकार बनाएँ। भविष्य नीलाम नहीं होने देंगे। सपने लीक नहीं होने देंगे।



