नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश ने कानपुर कांड के आरोपी विकास दुबे का घर जेसीसी से गिरा दिया था। इसी क्रम में मध्यप्रदेश (MP) के उज्जैन में नीलगंगा क्षेत्र के अंबर कॉलोनी में माफिया अनुराग उर्फ अन्नू के अवैध मकान को पुलिस और नगर निगम के दस्ते ने जमींदोज कर दिया। बताया जा रहा है कि फरार चल रहे माफिया अनुराग पर रासुका की कार्रवाई भी की गई है।
दरअसल, उज्जैन पुलिस ने टॉप बदमाशों की लिस्ट बनाई है। बदमाशों को आर्थिक स्थिति कमजोर करने के उद्देश्य से इनके मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। नगर निगम की टीम ने आरोपी अनुराग के मकान को पहले हथौड़े से फिर जेसीबी से जमींदोज किया।

आरोपी पर नीलगंगा थाने में 11 से ज्यादा केस दर्ज हैं। इसके खिलाफ हत्या की कोशिश, मारपीट, अवैध हथियार रखना, जुआ, चोरी, नकबजनी, अवैध वसूली, धमकाना, अवैध शराब बिक्री, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। अपराधी का क्षेत्र में इतना आतंक है कि उसके खिलाफ रिपोर्ट करने में भी लोग डरते हैं।