अयोध्या। सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे थे। यहां, मुख्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए आगामी 5 अगस्त को होने वाले भूमि पूजन की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद रामनगरी के साधु-संतों से भेंट की। योगी आदित्यनाथ ने कहा पांच अगस्त को दुनिया एक भव्य कार्यक्रम देखेगी। इसके बाद सीएम योगी शाम को गोरखपुर रवाना हो गए।
भूमि पूजन की तैयारी का जायजा लेने के बाद कारसेवकपुरम में संतों के साथ पार्टी पदाधिकारियों व ट्रस्ट के सदस्यों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्षों के लंबे संघर्ष व लाखों बलिदानों के बाद श्रीरामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का शुभ समय आया है। अयोध्या में एक अगस्त से ही दीपावली जैसा दृश्य दिखाई देना चाहिए। लोग अपने घरों में और संत महंत अपने मंदिरों में घी के दीपक जलाएं।
