लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार की देर रात एक यात्री को दो करोड़ से अधिक मूल्य के सोने के साथ पकड़ा गया। रियाद से आई इस उड़ान में पकड़ा गया यात्री सोना अपने कपड़ों में छिपा कर लाया था। एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान स्कैनर में सोना दिख गया।
कस्टम की डिप्टी कमिश्नर निहारिका लाखा ने बताया कि पकड़े गए यात्री के पास से सोने के 33 बिस्कुट बरामद किए हैं। प्रत्येक बिस्कुट का वजन 116.64 ग्राम है। इनका कुल वजन 3849.12 ग्राम था और इसका मूल्य 2,09,77,704 रुपए आंका गया है। यात्री उड़ान संख्या G8 6451 से आया था।

यात्री ने गोल्ड बिस्कुट को सेलो टेप में लपेटने के बाद एक काले रंग की थैली में रखा था। इस थैली को उसने अपने अंडर गारमेंट में छिपा रखा था। फिलहाल सोने के बिस्कुट जब्त कर लिए गए हैं आगे की जांच चल रही है।