पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है: पीएम मोदी

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। तीसरे चरण की वोटिंग से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने गुजरात के आणंद में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि, संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है। और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद है ही। पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है।

उन्होंने आगे कहा कि, आज लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कांग्रेस इतनी बौखला क्यों गई है।कांग्रेस आज फेक फैक्ट्री यानी फर्जी माल की फैक्ट्री बन गई है। मोहब्बत की दुकान बोलकर कांग्रेस झूठ का सामान क्यों बेच रही है? साथ ही कहा, कांग्रेस ने कभी SC/ST की परवाह नहीं की। 90 के दशक से पहले कांग्रेस OBC आरक्षण यानी बक्षीपंच को आरक्षण की भी पक्षधर नहीं थी। बरसों से OBC समाज कहता रहा कि OBC कमीशन को, बक्षीपंच आयोग को संवैधानिक दर्जा मिले। कांग्रेस ने उनकी एक नहीं सुनी।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है। अब देश ने 10 साल भाजपा का सेवाकाल भी देखा है। वो शासनकाल था, ये सेवाकाल है। कांग्रेस के 60 साल में करीब 60% ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। 10 साल में भाजपा सरकार ने शत-प्रतिशत टॉयलेट बना दिए। 60 साल में कांग्रेस देश में सिर्फ 3 करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल की सुविधा पहुंचा पाई, यानी कि 20% से भी कम घरों में। 10 साल में ही नल से जल पहुंचने वाले घरों की संख्या आज 14 करोड़ हो गई है, यानी 75% घरों में नल से जल पहुंचा है।

Related Articles

Back to top button