नई दिल्ली। आपने नदी में पानी के साथ पत्थरों को बहते हुए देखा होगा। लेकिन क्या आपने कभी ऐसी नदी के बारे सुना है जिसमे पानी की बजाय पत्थर बहते हैं। रूस (Russia) में पत्थरों की यह नदी अपने असंख्य पत्थरों से नदी की तरह घुमावदार है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इनमें कभी भी पानी की एक बूंद तक नहीं बहती है। रूस की यह नदी वैज्ञानिकों के लिए एक पहेली बनी हुई है, जिसे वे अब तक नहीं सुलझा पाए हैं।
बताया जा रहा है कि कुदरत के इस करिश्मे का नाम स्टोन रिवर या स्टोन रन है। नदी में लगभग छह किलोमीटर तक आपको सिर्फ पत्थर ही पत्थर दिखाई देंगे। जो देखने पर बिल्कुल किसी नदी की धारा की तरह लगते हैं।

20 मीटर छोटी धाराओं से लेकर कहीं-कहीं यह नदी 200 से 700 मीटर की बड़ी धाराओं का रूप भी ले लेती है। इसमें करीब 10 टन तक वजनी यहां के पत्थर चार से छह इंच तक जमीन के अंदर धंसे हुए हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस जगह पर इतने सारे पत्थर कहां से आए और कैसे इन्होंने एक नदी का रूप ले लिया? इन सवालों का सटीक जवाब आज तक नहीं मिल पाया है। मगर कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि करीब 10 हजार साल पहले ऊंची चोटियों से ग्लेशियर टूटकर गिरे होंगे, जिसकी वजह से इस अजीबोगरीब नदी का निर्माण हुआ।