अयोध्या में दर्शन के लिए 11 फरवरी को जाएंगे सभी विधायक, विधानसभा अध्यक्ष ने दी जानकारी

लखनऊ। यूपी के सभी विधायक और मंत्री 11 फरवरी को अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए जाएंगे। सभी विधायक बस से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महान ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह खुद भी बस से ही जाएंगे। अयोध्या दर्शन के लिए सपा सहित अन्य विपक्षी दलों के विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है। विधायक अपनी पत्नी को भी साथ ले जा सकते हैं।

एनडीए में शामिल भाजपा, सुभासपा, निषाद पार्टी और अपना दल के विधायक अयोध्या दौरे पर जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने जब अयोध्या दर्शन के कार्यक्रम का एलान किया तो सपा विधायक इकबाल महमूद ने अयोध्या में बनने वाली मस्जिद की जमीन देखने का भी अनुरोध किया। जिस पर अध्यक्ष ने जवाब दिया कि पहले मस्जिद बन जाने दीजिए और वहां की कमेटी अनुरोध करेगी तो जाने के लिए विचार करेंगे।

इसके पहले कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाने से इनकार कर दिया था पर राज्य यूनिट के नेताओं ने अयोध्या जाकर सरयू स्नान किया और रामलला के दर्शन किए। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अयोध्या जाने की बात कही थी लेकिन वह 11 फरवरी को जाएंगे यह स्पष्ट नहीं हैं। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद लाखों की संख्या में श्रद्घालु अयोध्या पहुंच रहे हैं और भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button