
आटे में मिलीं मक्खियां और चॉकलेट में कीड़े… स्विगी इंस्टामार्ट पर फूटा ग्राहकों का गुस्सा
स्विगी इंस्टामार्ट के प्राइवेट-लेबल ब्रांड ‘नॉइस’ (Noice) के तहत बेचे जाने वाले उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर कई ग्राहकों ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें कथित तौर पर आटे में मक्खियां, चॉकलेट में कीड़े और केक के अंदर फफूंदी दिखाई दे रही है।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही पोस्ट में एक ग्राहक ने दावा किया कि स्विगी इंस्टामार्ट से मंगाए गए ताजे पिसे आटे के एक सीलबंद पैकेट के अंदर उसे मक्खियां मिलीं। यूजर का आरोप है कि नॉइस ब्रांड के उत्पादों की गुणवत्ता से जुड़ी यह कोई पहली घटना नहीं है। उसने अन्य ग्राहकों से भी अपील की है कि वे ऐसे सामान खरीदते समय सावधान रहें।
ग्राहकों का क्या कहना है?पोस्ट के अनुसार, आटा डिलीवर होने के तुरंत बाद ही बिना खुले पैकेट के अंदर कीड़े दिखाई दे रहे थे। ग्राहक ने लिखा, “यह पहली बार नहीं है जब मुझे स्विगी से ऑर्डर किए गए नॉइस ब्रांड के उत्पादों में दिक्कतें देखने को मिल रही हैं।”
एक अलग शिकायत में अन्य ग्राहक ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें कथित तौर पर नॉइस फ्रेंच चॉकलेट रोशेर के अंदर एक कीड़ा दिखाई दे रहा था। ग्राहक ने बताया कि कस्टमर सपोर्ट से संपर्क करने के बाद रिफंड तो मिल गया, लेकिन उन्होंने निराशा जताई। उन्होंने कहा कि इस प्रोडक्ट को एक प्रीमियम चॉकलेट आइटम के तौर पर बेचा गया था।
यूजर ने कहा, “यह रही चॉकलेट में से निकला एक कीड़ा। मैंने कस्टमर केयर से संपर्क किया और उन्होंने रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी लेकिन कौवरचर (couverture) चॉकलेट को कोको बटर वाली उच्च गुणवत्ता वाली चॉकलेट माना जाता है, इसलिए ऐसी उम्मीद नहीं थी।”
इस प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदे गए नॉइस ब्रांड के केक को लेकर भी चिंताएं जताई गईं। ग्राहक ने आरोप लगाया कि केक में फफूंद लगी थी, जबकि इसे स्वस्थ विकल्प के तौर पर प्रचारित किया गया था। बताया गया कि इसमें बेहतर सामग्री का इस्तेमाल किया गया था और पाम ऑयल का उपयोग नहीं हुआ था।
रिफंड देना समस्या का समाधान नहींउस व्यक्ति ने बताया कि समस्या का पता चलने से पहले ही केक का कुछ हिस्सा खाया जा चुका था, जिससे स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता पैदा हो गई है। हालांकि प्रभावित ग्राहकों ने बताया कि उनकी शिकायतों के जवाब में रिफंड जारी कर दिए गए थे, लेकिन कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय मौजूद हैं।
इन शिकायतों के चलते ऑनलाइन चर्चा शुरू हो गई है, जिसमें क्विक-कॉमर्स सप्लाई चेन में स्वच्छता मानकों, उत्पादों के भंडारण के तरीकों और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की प्रणालियों पर बात हो रही है।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com



