नेपाल में बूढ़ी गंडक नदी में बाढ़ का अलर्ट

नेपाल में बूढ़ी गंडक नदी में बाढ़ का अलर्ट
नेपाल में बाढ़ और भीषण भूस्खलन ने जो तबाही मचाई थी, अभी उसके दो महीने भी नहीं बीते हैं। कई लोग तो अभी भी लापता है और नेपाल इस भीषण त्रासदी से उभर भी नहीं पाया है। इसी बीच नेपाल से एक और बड़ी खबर सामने आ रही है।
नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने वाली शीर्ष संस्था राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने देश में भारी बाढ़ के खतरे को देखते हुए अत्यंत गंभीर चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
उफान पर बुढ़ी गंडक
प्राधिकरण के अनुसार, नेपाल के चुमनुव्री ग्रामीण नगर पालिका-6 के पास बुढ़ी गंडक नदी में पानी का स्तर अचानक और तेजी से बढ़ गया है, जिससे एक बहुत बड़ी बाढ़ के आने की आशंका पैदा हो गई है। दूसरी ओर बड़े खतरे को सामने खड़ा देख प्रशासन ने सख्त निर्देश भी जारी किए हैं।
नदी के पास जाने पर सख्त प्रतिबंध
प्रशासन की तरफ से जारी अलर्ट के अनुसार, जब तक बाढ़ का यह खतरा पूरी तरह टल नहीं जाता, तब तक कोई भी व्यक्ति ‘त्रिशूल दोहान’ तक नदी के आसपास या उसके किनारों के पास न जाए। इसके साथ ही नदी के तटीय इलाकों और निचले हिस्सों में रहने वाले सभी नागरिकों से तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील
गौरतलब है कि स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है और लोगों से भी प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की जा रही है। प्रशासन की इस चेतावनी का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित जनहानि को रोकना है, ताकि समय रहते सभी लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंच सकें।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com

Related Articles

Back to top button