
यशस्वी जायसवाल को ये क्या हो गया, न्यूजीलैंड में लग गई बल्ले में जंग!
भारतीय टेस्ट टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का बल्ला न्यूजीलैंड में जाकर मानो शांत हो गया। हर दौरे पर अपने बल्ले से रन उगलने वाले यशस्वी अभी तक न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया-ए के साथ खेली गई तीन पारियों में बुरी तरह से फेल हुए हैं।
इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच दूसरा चार दिवसीय मैच आज से शुरू हुआ है और यशस्वी का बल्ला इसमें भी बुरी तरह से फेल हो गया। पिछले अभ्यास मैच की दोनों पारियों में उनके बल्ले से अर्धशतक नहीं निकला था और दूसरे मैच की पहली पारी में भी यही हाल है।
नहीं खुला खाता
यशस्वी इस मैच की पहली पारी में खाता तक नहीं खोल पाए। फ्रेशर शीट ने उन्हें चार गेंदों में ही पवेलियन की राह दिखा दी। यशस्वी एलबीडब्ल्यू हुए। पहले अभ्यास मैच में भी यशस्वी का बल्ला रन नहीं कर पाया था। पहली पारी में उनके बल्ले से सिर्फ 17 रन ही निकले थे जबकि दूसरी पारी में उन्होंने पांच रन ही बनाए थे। यानी अभी तक खेली गईं तीन पारियों में उन्होंने कुल 22 रन ही बनाए हैं जो भारत के लिए चिंता की बात है।
यशस्वी भारतीय टेस्ट टीम के अहम खिलाड़ी हैं और हर दौरे पर अपना जलवा दिखाते हुए आए हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी उनका बल्ला चला था और इंग्लैंड दौरे पर भी।
हासिल करनी होगी फॉर्म
यशस्वी के लिए जरूरी है कि वह अपनी फॉर्म जल्दी हासिल करें क्योंकि भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के साथ सिर्फ दो ही टेस्ट मैच खेलने हैं। ऐसे में अगर यशस्वी को अच्छा प्रदर्शन करना है तो उन्हें सीरीज में फॉर्म के साथ जाना होगा। इसके लिए उनके पास अभ्यास मैच ही मौका है। यशस्वी भी चाहेंगे कि वह जल्दी से जल्दी फॉर्म हासिल करें और इस दौरे पर टीम को जीत दिलाने में योगदान दें।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com



