ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में पीएचडी कर ली है…पीएम मोदी ने इंडिया गठबंधन पर भी साधा निशाना

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के लिए आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। प्रचार के आखिरी दिन सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के होशियारपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस और इंडी गठबंधन के स्वार्थ और वोट बैंक की राजनीति ने देश का बहुत नुकसान किया है। वोट बैंक के प्रति अपने प्यार के कारण देश के बंटवारे के समय करतारपुर साहिब पर अपना अधिकार नहीं जता पाए।

यही लोग हैं, जो अपने वोट बैंक के लिए लगातार राम मंदिर का विरोध करते रहे। तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इंडी गठबंधन सीएए का विरोध कर रहा है। आजकल देश के लोग इंडी गठबंधन वालों से संविधान-संविधान की रट सुन रहे हैं। ये वो लोग हैं जिन्होंने इमरजेंसी में संविधान का गला घोंट दिया था। जब 84 के दंगों में सिखों के गले में टायर बांधकर जलाया जा रहा था, तो इन्हें संविधान की नहीं सूझी।

साथ ही कहा, अब कांग्रेस के साथ एक और भ्रष्टाचारी पार्टी (AAP) जुड़ गई है। यहां तो आमने सामने लड़ने का ड्रामा कर रहे हैं, दिल्ली में एक साथ चुनाव लड़ रहे थे। लोग भूले नहीं कि कट्टर भ्रष्टाचारी की पहली सरकार ​कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में बनी थी, इसलिए इन्होंने भ्रष्टाचारी कांग्रेस से भ्रष्टाचार के पाठ पढ़ लिए हैं। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। 60 साल तक कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के जो एक से बढ़कर एक वारदातें की हैं। ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में पीएचडी कर ली है।

पीएम मोदी ने कहा, ये लोग (AAP) पंजाब को नशे से मुक्त करने के नाम पर आए थे, लेकिन इन्होंने नशे को ही अपनी कमाई का साधन बना दिया है। दिल्ली के शराब घोटाले को पूरी दुनिया जान चुकी है। यहां खनन माफिया भी बेलगाम चल रहा है। इन कट्टर भ्रष्टाचारियों ने, भयंकर झूठवादियों ने पंजाब को गैंगवॉर में झोंक दिया है। इन लोगों ने पंजाब में उद्योग और खेती दोनों को बर्बाद कर दिया है। ये कट्टर भ्रष्टाचारी, भयंकर झूठवादी तो नारी उत्पीड़न में भी नंबर वन बनते जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button